‘लैब ऑन व्हील्स’ मोबाइल वैन का हुआ शुभारम्भ
बागेश्वर। बागेश्वर जिले में आज विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की गई। उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद यानी यूकॉस्ट तथा अगस्तया इंटरनेशनल फाउंडेशन के सहयोग से ‘लैब ऑन व्हील्स’ मोबाइल वैन का शुभारम्भ हुआ। विधायक पार्वती दास ने हरी झण्डी दिखाकर वैन को रवाना किया। यह मोबाइल वैन जनपद के कक्षा 6 से 10 तक के छात्र-छात्राओं को जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिकी और गणित जैसे विषयों को रोचक एवं प्रयोगात्मक तरीकों से समझाने का कार्य करेगी। जिससे बच्चों में समझने की क्षमता का विकास होगा।
यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो, दुर्गेश पंत की महत्वाकांशी सोच के माध्यम से राज्य के ग्रामीण, दूरस्थ क्षेत्रों में विज्ञान को लोकप्रिय बनाने और विज्ञान संचार गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु अगस्तया इंटरनेशनल फाउण्डेशन के सहयोग से राज्य के 9 जनपदों को लैब ऑन व्हील्स प्रदान की गई है। लैब ऑन व्हील्स मोबाइल वैन के लिए दो इगनेटर ममता जोशी तथा पूजा उपाध्याय का चयन किया गया है। इस मौके पर विधायक पार्वती दास ने कहा कि, लैब ऑन व्हील्स से हमारे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में विज्ञान के प्रति रूचि बढ़ेगी और वे विषय को और अच्छे से समझ पाएंगे। राज्य के नौ जनपदों में शुरू की गई इस पहल से उत्तराखण्ड के दूरस्थ इलाकों में विज्ञान की अलख जलाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य शिक्षा अधिकारी गजेन्द्र सिंह सौन ने कहा कि, इस प्रकार की पहल से छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा और उनकी जिज्ञासा को भी नई दिशा मिलेगी। परियोजना के जनपद समन्वयक दीप चन्द्र जोशी ने बताया कि बागेश्वर के 20 विद्यालयों में वैन का भ्रमण प्रारंभिक चरण में किया जाएगा। साथ ही साइंस फेयर और शिक्षक प्रशिक्षण जैसे आयोजन भी होंगे। उन्होंने कहा कि, हमारा उद्देश्य है कि बच्चों को विज्ञान को महसूस कराने का अवसर मिले, ताकि वे सिर्फ किताबों तक सीमित न रहें। कार्यक्रम में इगनेटर पूजा उपाध्याय ने विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों की प्रदर्शनी लगाई और छात्रों को उनके सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाया।
