Sun. May 3rd, 2026

दुगड्डा में मुख्यमंत्री ने लगाई विकास योजनाओं की झड़ी

कोटद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी के कोटद्वार से सटे दुगड्डा में शहीद मेले का उद्घाटन करने के साथ ही इलाके के लिए विकास से जुड़ी घोषणाओं की झड़ी लगा दी। शहीद चंद्रशेखर आजाद, बलदेव सिंह आर्य और भवानी सिंह रावत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने नगरपालिका दुगड्डा में आधुनिक बहुउद्देशीय भवन का निर्माण,नगर पालिका के लिए एक आधिकारिक वाहन की व्यवस्था करने का भी ऐलान किया। निराश्रितों के लिए स्थाई रैन बसेरा का निर्माण करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का विकास एवं इसका नाम मोहनलाल बौंठियाल के नाम पर रखने,मिनी स्टेडियम की स्थापना,फतेहपुर में सिलगाड नदी पर पुल का निर्माण,मटियाली में सिद्धबाबा मंदिर का सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य कराए जाने की घोषणाएं भी हुई। मुख्यमंत्री ने शहीदों को याद करते हुए कहा कि मेलों के आयोजन हमारे इतिहास और संस्कृति के प्रति युवाओं को जागरूक करते हैं। उन्होंने सरकार के अहम कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे राज्य में 5 हजार हेक्टेयर से भी अधिक जमीन को अतिक्रमण मुक्त किया गया है। विधानसभा सत्र में सशक्त भू-कानून को पूर्ण बहुमत से पारित कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जंगल की आग के लिए संबंधित वन विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। आग लगाने वालों के खिलाफ कार्यवाही और नुकसान की भरपाई भी उन्हीं लोगों से की जाएगी। इसके लिए जल्द कानून भी बनाया जाएगा। मानव वन्यजीव संघर्ष और विकास बनाम वन संरक्षण के संबंध में केंद्र सरकार के साथ चर्चा की जाएगी। वन्य जीवों के हमलों को लेकर भी जल्द कानून बनाया जाएगा। इस दौरान लैंसडौन विधायक दिलीप रावत, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट,मेयर कोटद्वार  शैलेंद्र सिंह रावत, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद दुगड्डा शांति बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष  वीरेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *