Sun. Sep 22nd, 2024

प्रधानमंत्री ने आम्बेडकर जयंती पर लोगों को दी शुभकामनाएं

समाचार इंडिया/देहरादून। राष्ट्र आज भारतीय संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर को उनकी 134वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इस अवसर पर देश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य समारोह संसद भवन परिसर में आयोजित किया गया है। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम्बेडकर जयंती पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने कहा है कि बाबा साहेब सामाजिक परिवर्तन के अग्रदूत थे, जिन्होंने एक न्यायविद, शिक्षाविद, अर्थशास्त्री, समाज सुधारक और राजनेता के रूप में देश और समाज के लिए असाधारण योगदान किया। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि आज भी संवैधानिक व्यवस्था में उनका भरपूर विश्वास ही भारतीय लोकतंत्र और सुशासन की नींव है। राष्ट्रपति ने देशवासियों से बाबा साहेब के आदर्शों और उनके कार्यों को समेकित रूप से अपनाने की अपील की। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि आम्बेडकर भारत के महान सपूत थे जिन्होंने न सिर्फ भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि वे सामाजिक न्याय के भी प्रबल समर्थक थे। धनखड़ ने देशवासियों से अपील की कि वे डॉक्टर आम्बेडकर के आदर्शों को अपनाएं और न्यायपूर्ण तथा समानतापूर्ण समाज के प्रति आम्बेडकर की दृष्टि को साकार करने की दिशा में कार्य करें। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों को आम्बेडकर जयंती की शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *