Fri. Sep 20th, 2024

बंदरों की समस्या का समाधान किए जाने की मांग की

logo

समाचार इंडिया/बागेश्वर। बंदर भगाओ-खेती बचाओ जन अभियान समिति के आह्वान पर आज बागेश्वर के गरूड़ के भकुनखोला मैदान में कत्यूर घाटी के सात न्याय पंचायतों के हजारों ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सरकार से बंदरों की समस्या का ठोस उपाय किये जाने की मांग की। जन अभियान समिति की टीम के संरक्षक एडवोकेट डीके जोशी के नेतृत्व में आज गरूड के भकुनखोला मैदान में घांघली, छटिया, घेटी, भिलकोट, कुलाऊं समेत 101 ग्राम सभाओं के पांच हजार से ज्यादा महिला, पुरूषों ने बंदर भगाओं खेती बचाओं अभियान में शिरकत की। ग्रामीणों ने कहा कि एक ओर जहां खेती चैपट हो रही है, वहीं छोटे बच्चों की सुरक्षा का भी संकट पैदा हो गया है। खेतों को नुकसान करने के साथ-साथ बंदर महिलाओं एवं बच्चों पर भी हमले कर रहे हैं। सोसायटी के संरक्षक और नैनीताल हाईकोर्ट में अधिवक्ता डीके जोशी ने कहा कि बंदरों के आतंक से हर कोई परेशान है। उन्होंने कहा कि पहाड़ में खेती को बचाने के लिए ये आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज जनसभा में जनता से सुझाव व शिकायतें लिए जा रहे हैं जिनसे सरकार को अवगत कराया जाएगा। ग्रामीण अंचलों में बंदरों के आतंक से हर कोई परेशान हैं। खासकर सब्जी उत्पादक किसानों को बंदर सर्वाधिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि काश्तकारों का खेती से मोहभंग होता जा रहा है। वहीं बंदरों से परेशान लोगों में विभाग के प्रति गहरी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पहाड़ों से पलायन का एक मुख्य कारण बंदरों और जंगली जानवरों द्वारा खेती को नष्ट करना भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *