Tue. Sep 24th, 2024

पौराणिक जागरो के गायन से मदमहेश्वर घाटी का वातावरण भक्तिमय

समाचार इंडिया/ऊखीमठ। मदमहेश्वर घाटी के ग्रामीणों की अराध्य देवी व पर्यटक गांव रासी के मध्य में विराजमान भगवती राकेश्वरी के मन्दिर में पौराणिक जागरो के गायन से रासी गाँव सहित मदमहेश्वर घाटी का वातावरण भक्ति मय बना हुआ है। सावन मास की संक्रान्ति से भगवती राकेश्वरी के मन्दिर में प्रतिदिन सांय सात बजे से रात्रि नौ बजे तक पौराणिक जागरो का गायन होता है। पौराणिक जागरो के माध्यम से देवभूमि उत्तराखंड के प्रवेश द्वार हरिद्वार से चौखम्बा हिमालय तक पग – पग पर विराजमान सभी देवी – देवताओं की महिमा के साथ भगवान शिव व पार्वती, भगवान श्रीकृष्ण जन्म उत्पत्ति, कंस वध, महाभारत के सभी अध्यायों का वर्णन किया जा रहा है। पौराणिक जागरो का समापन आश्विन महीने की दो गते को दुर्योधन वध, पाण्डवों का राज्यभिषेक तथा भगवती राकेश्वरी को ब्रह्म कमल अर्पित करने के साथ होगा। भगवती राकेश्वरी के मन्दिर में पौराणिक जागरो के गायन की परम्परा युगों पूर्व की है तथा पौराणिक जागरो के गायन में रासी व उनियाणा के ग्रामीणों द्वारा सहभागिता की जाती है। राकेश्वरी मन्दिर समिति अध्यक्ष जगत सिंह पंवार ने बताया कि युगों से चली परम्परा के अनुसार इस वर्ष भी भगवती राकेश्वरी के मन्दिर में पौराणिक जागरो का गायन जारी है तथा पौराणिक जागरो के गायन से रासी गाँव सहित मदमहेश्वर घाटी का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। पूर्ण सिंह पंवार ने बताया कि पौराणिक जागरो का गायन प्रति दिन सांय सात बजे से शुरू होता है तथा पौराणिक जागरो के समापन पर आरती व भोग वितरण की भी परम्परा है। शिवराज सिंह पंवार ने बताया कि जब भगवती राकेश्वरी रासी गाँव में विराजमान हुई तो उस समय ग्रामीणों मीलों दूर से भगवती राकेश्वरी की पूजा करने आते थे, ग्रामीणों ने भगवती राकेश्वरी से रासी गाँव में बसने की प्रार्थना की कि हमें रासी गाँव में निवास करते की अनुमति दी जाय तब भगवती राकेश्वरी ने ग्रामीणों को बचन दिया की मेरी तप स्थली गाँव में बसने पर सभी धार्मिक मर्यादो का पालन करना होगा तथा सावन व भाद्रपद में सभी देवी – देवताओं की महिमा का गुणगान किया जायेगा तभी मैं प्रसन्न रहूंगी इसलिए भगवती राकेश्वरी को दिये गये बचन के अनुसार आज भी पौराणिक जागरो के गायन की परम्परा जीवित है! बद्री केदार मन्दिर समिति के पूर्व सदस्य शिव सिंह रावत ने बताया कि मुकन्दी सिंह पंवार, राम सिंह पंवार, विनोद सिंह पंवार, कार्तिक सिंह खोयाल, उदय सिंह रावत, जसपाल सिंह जिरवाण, अमर सिंह रावत, कुवर सिंह जिरवाण, कुलदीप सिंह पंवार, जसपाल सिंह खोयाल, लाल सिंह रावत द्वारा पौराणिक जागरो के गायन में सहयोग किया जा रहा है। पण्डित ईश्वरी प्रसाद भटट्, भगवती प्रसाद भटट् ने बताया कि इन दिनों पौराणिक जागरो के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण जन्म व कंस वध की महिमा का गुणगान किया जा रहा है। रविन्द्र भटट्, मानवेन्द्र भटट् ने बताया कि पौराणिक जागरो के गायन में महिलाओं व युवाओं के अलावा रासी व उनियाणा के ग्रामीणों द्वारा सहभागिता दी जा रही है।

लक्ष्मण सिंह नेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *