Tue. Sep 24th, 2024

शराबियों के हुड़दंग से महिलाओं का घरों से निकलना हुआ दूभर

समाचार इंडिया। ऊखीमठ। मदमहेश्वर घाटी के विभिन्न स्थानों पर अवैध अंग्रेजी शराब का कारोबार खूब फल, फूल रहा है। अधिकांश स्थानों पर अवैध अंग्रेजी शराब की सप्लाई होने से जहाँ समाज पर इसका बुरा असर पड़ रहा है, वही युवाओं के भविष्य के साथ  खिलवाड़ किया जा रहा है। घाटी में शाम होते ही विभिन्न स्थानों पर शराबियों के हुड़दंग से महिलाओं को घरों से निकलना दूभर हो गया है। क्षेत्र में  तेजी से फल,फूल रहे अंग्रेजी शराब के अवैध कारोबार के बावजूद पुलिस प्रशासन व आबकारी विभाग क्यों मौन क्यों बना हुआ है, यह एक यक्ष प्रश्न बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार  आबकारी विभाग समय – समय पर खानापूर्ति करने के लिए  छापेमारी करता है और ये छापेमारी सिर्फ साप्ताहिक वसूली तक सीमित रहती है। वही पुलिस प्रशासन का मदमहेश्वर घाटी के भ्रमण पर आने से पूर्व हुटर की आवाज शराब माफिया को सचेत कर देती है। स्थानीय जनता का कहना है कि क्षेत्र में अवैध अंग्रेजी शराब की सप्लाई की शिकायत कई बार तहसील दिवसों के साथ ही स्थानीय प्रशासन से की गयी है, मगर शराब माफिया की पकड़ इतनी मजबूत है कि स्थानीय प्रशासन भी शराब के अड्डों पर दबिश देने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। मदमहेश्वर घाटी में शराब माफिया का जाल इस कदर बिछा हुआ है कि सीमान्त गांवों में भी हर समय अंग्रेजी शराब की बोतल कई गुना कीमत पर आसानी से मिल जाती है। नाम न छापने की शर्त पर कुछ ग्रामीणों ने बताया कि मदमहेश्वर घाटी में दिन दहाड़े अवैध अंग्रेजी शराब का कारोबार बेखौफ संचालित होने से स्पष्ट हो गया है कि कई सफेदपोश  व आबकारी विभाग की मिलीभगत से क्षेत्र में अवैध अंग्रेजी शराब का कारोबार लगातार फलफूल रहा है।  वर्ष 2018-19 में कुछ क्षेत्रों में ग्रामीणों, महिलाओं व विभिन्न सामाजिक संगठनों ने क्षेत्र में अवैध अंग्रेजी शराब के खिलाफ आन्दोलन छेडा़  था। इसके बाद कुछ महीनों तक मदमहेश्वर घाटी की शान्त वादियां शराब माफिया के चुंगल से मुक्त रहा लेकिन वर्तमान समय में शराब विरोधी संगठनों के मौन रहने से उन पर निशान उठने लगे हैं।  प्रधान राऊलैंक कमलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि मदमहेश्वर घाटी के विभिन्न स्थानों पर अवैध अंग्रेजी शराब का कारोबार  फल फूलने ने जहाँ समाज पर इसका बुरा असर पड़ रहा है, वही युवाओं के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते क्षेत्र में अवैध  शराब के कारोबार पर अंकुश न लगा तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों को स्थानीय प्रशासन व आबकारी विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होना पडे़गा।  मदमहेश्वर घाटी विकास मंच अध्यक्ष मदन भटट् का कहना है कि क्षेत्र में विगत कई वर्षों से हो रही अवैध अंग्रेजी शराब की शिकायत कई बार तहसील दिवसों में की गयी है फिर क्षेत्र में अवैध अंग्रेजी शराब का कारोबार बेरोकटोक खूब फलफूल रहा है।

  • ऊखीमठ से लक्ष्मण सिंह नेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *